Sunday, 15 November 2020

A-573 मेरी सहेलियाँ 14.11.20--11.53 AM



जब-जब मैंने कहा — मेरी सहेलियाँ बहुत हैं,

लोगों को संबंध से संबंध नज़र आने लगे।

एक ही संबंध है जो लोगों में समाहित है,

पूर्वाग्रह से ग्रस्त रिश्ते ही नज़र आने लगे।


सबको हक़ है सोच पर क़ाबिज़ होने का,

अपनी सोच का ही मतलब समझाने लगे।

कुछ लोग तो जानकर इतने बेचैन हो गए,

कि सारे अर्थों के भी अर्थ निकलवाने लगे।


कुछ तो व्यस्त हो गए ख़ुद की ही सोच में,

कि हर तरह के क़िस्सों को भी भुनाने लगे।

ज़माने का चलन बताने से काम न चलेगा,

अपने स्थल के पुजारी भी कुलबुलाने लगे।


घोर कलियुग में निहित यही कलियुग है,

लोग कलियुग की बातों पर खिझाने लगे।

जहाँ न शर्म हो, न हया — यह कैसी ज़िंदगी है,

लोगों में दूरदृष्टि है, और वो दूर जाने लगे।


ख़त्म हो रहा उद्देश्य, दिखा है परिवार का,

रिश्तों से रिश्तों का रहस्य वो बताने लगे।

प्रौढ़ता है लोगों में, और यह अच्छी बात है,

तभी तो परिपक्वता की याद दिलाने लगे।


कब तक चलनी है यह रिश्तों की दौड़-धूप,

कुछ ऐसा हो कि सामंजस्य भी आने लगे।

क्या मेरी आई मेरी सहेली नहीं हो सकती,

क्यों बहनों को यूँ हमसे पृथक बताने लगे।


रिश्तों में दूरियाँ भी कुछ सोचकर बनी हैं,

तभी तो बाप बड़े, बेटे छोटे कहलाने लगे।

क्या अच्छा हो अगर हम सभी मित्र ही हों,

न रिश्तों में घुन लगे, न कोई समझाने लगे।


अब तो प्रयोजन के भी अर्थ निकल गए हैं,

असमंजस में सही मतलब निकलवाने लगे।

परमात्मा ने एक इंसान बनाया था — ‘पाली’,

हम तो उसकी सौग़ात को ही उलझाने लगे।

— अमृत पाल सिंह ‘गोगिया’

Wednesday, 12 August 2020

A-522 तू न होती 13.8.2020-3.06 AM

माँ अगर तू न होती तो कौन होता                                                                                                                  कोई प्रतिबिंब होता या तत्व होता                                                                                                                  तेरी करुणा का क्या प्रमाण होता                                                                                                                कोई आभास होता कि सत्य होता 

माँ अगर तू न होती तो कौन होता 


जिन्दगी के आधार का जश्न होता 

पेड़ का जिस्म तना या स्तम्भ होता 

किसके स्तनों से तब खेला करता 

कोई खज़ाना होता स्नेह धन होता 


माँ अगर तू न होती तो कौन होता 


कैसे उमड़ती स्नेह से स्निग्धता भी 

आँचल संग सिमटा हुआ मन होता 

मूत्र सना कोई गीला बिछौना होता 

या फिर माँ तेरा रूप सलोना होता 


माँ अगर तू न होती तो कौन होता 


तेरी ममता रिस-रिस मुझमें महके 

शायद ऐसा ही कोई भगौना होता

तेरी काया में समाया मेरा जिस्म 

क्या कुछ ऐसा ही खिलौना होता 


माँ अगर तू न होती तो कौन होता 


क्या बहना भी होती भाई भी होता 

जब बहना रोती तब भाई भी रोता 

मैं मिटकर तुम जैसा बन जाता माँ 

'पाली' भी भवसागर तर जाता माँ 


अमृत पाल सिंह 'गोगिया'

Wednesday, 8 July 2020

A-521 नग्नता 7.7.2020--7.31 PM





अपने सुखों की कल्पना करते हुए मैं बहुत दूर निकल गया। नग्न अवस्था में पड़ा किलकारियाँ मारता, दुनिया से अंजान, अपनी दुनिया का अपना ही आनन्द। न तेरी न मेरी। बस एक नयी दुनिया में प्रवेश करने का कौतूहल, उत्सुकता, बस और कुछ नहीं। 

पहले मैं ख़ुद नंगा आया था। अरे आया भी कहाँ था! धक्का लगाकर फेंक दिया गया था। 
शुक्र हो दाई का जिसने मुझे संभाल लिया था। 

मगर आज लोगों ने नंगा कर दिया सब कुछ छीन लिया, यहाँ तक कि मेरी अस्थियों के साथ कुछ सिक्के जरूर बहा दिए। बेहूदे सिक्कों ने भी साथ छोड़ दिया। तुरन्त डुबकी लगा कर पता नहीं कहाँ गायब हो गए और मैं अकेला भटकता रहा, पानी के बहाव के साथ, बीच-बीच में मेरी अस्थियां भी एक दूसरे से जुदा होती चली गयीं। मैं अवाक् रह गया, फिर से एक नयी मंजिल तलाशता हुआ आगे बढ़ गया, एक नयी दिशा की ओर। तभी मुझे लगा कि मैं कहीं ठहर गया हूँ। देखा तो एक मोटा सा स्तम्भ बाँहें फैलाये मेरा रास्ता रोके खड़ा है। शायद मेरा इन्तज़ार कर रहा था। मुझे एक सहारा मिल गया, मुझे यह सहारा भी अच्छा लगने लगा। मैं उसके गले लगकर खूब रोया, अपने दिल की सारी भड़ास निकाल डाली। बड़ा हल्का हो गया था मैं। 

तभी पानी की एक लहर ने आकर मुझपे हमला किया और मुझे बहाकर अपने साथ ले गया। उसने गुस्सा भी किया कि तू यहाँ कहाँ रुक गया। यह जगह तेरे लिए नहीं है। तुमको तो मेरे साथ चलना है। जब तक मैं न रुकूँ तू नहीं रुकेगा। मरता क्या न करता, मैं भी चल पड़ा तभी अचानक पानी का बहाव आगे निकल गया और मैं एक मछुआरे के जाल में अटक गया। 

मैं घबरा गया कि अब क्या होगा, होना क्या था, वही हुआ जिसका मुझे अंदेशा था, मछुआरे ने मछलियां निकाल लीं और मुझे उठाकर एक ओर फेंक दिया। मुझे बहुत गुस्सा आया, ऐसे कैसे कोई मुझे फेंक सकता है। मेरा इतना नाम था। लोग मुझे कितनी इज़्ज़त से बुलाते थे। इतना बड़ा व्यापार, लोग मेरे आगे पीछे घूमते थे। कुछ तो डर से कांपते थे। कितनों का तो मैं माई-बाप था। और यह मुझे ऐसे फेंक कर चला गया जैसे मेरी कोई औकात ही नहीं है। हद्द हो गयी यार! हाँ याद आया मेरे सारे दोस्त, मित्र तो साथ आये ही नहीं। इतना धन अर्जन किया, वो सब भी लगता है वहीं छूट गया या कमीनों ने वहीं रख लिया। अरे मेरी बीबी, मेरे प्यारे-प्यारे बच्चे, सगे सम्बन्धी आखिर सब कहाँ रह गए। 

हे भगवान तू कहाँ है। यह तुमने मेरे साथ क्या किया। मेरे अपने कितने दुखी हो रहे होंगे। मेरा पोता तो निर्बिघ्न मुझे ढूंढ़ता होगा। एक पल भी मुझसे दूर न रहता था। कैसे रह रहा होगा। ऐसा क्यों किया भगवान? मैंने तुम्हारा क्या बिगाड़ा था। मैं अब अकेला कैसे जियूँगा? इतने वीराने में जहाँ कोई भी अपना नज़र ही नहीं आता। अरे यह क्या? यह कीड़े मेरे बदन पर क्या कर रहे हैं। कोई हटाओ इनको। कोई सुनता भी नहीं। तभी एक वाहन आया और मुझे कुचलता हुआ चला गया। मैं मन मसोस कर उस वाहन को देखता रहा। कोई नहीं रुका आज मेरे लिए। सब पराये हो गए। अब तो बस ठोकरें मारते हैं। आज पता लगा मुझे मेरी औकात का। अच्छा किया भगवन! तुमने मुझे मेरी औकात दिखा दी। 

बहुत ज़ोर लगाया पर कुछ न हुआ, हारकर मैंने अपने हाथ खड़े कर दिये। अब जो करना है तू ही कर, मैं तो थक गया! जैसे ही मैंने समर्पण किया मेरे आनंद की कोई सीमा न रही, मुझे असीम सुख का एहसास हुआ। तत्क्षण मैं गहरी निद्रा में चला गया। अब मुझे कहीं नहीं जाना था। मानो ज़िंदगी लौट आयी हो!

अमृत पाल सिंह 'गोगिया' 
99887 98711