Monday, 2 May 2016

A-130 यह कैसा सम्बन्ध है माँ 26.4.16—9.51 AM

मैं तो रोया था गले लग जाने के लिए 

आप ने सीने से लगाया और दूध पिला दिया 

यह कैसा सम्बन्ध है माँ  

मेरे रोने का आप के दूध से 


मैं तो मुस्कुराया था कि मैं नंगा हूँ 

आपने तो आलिंगन में ले लिया 

चुम्बनों की बौछार ही लगा दी 

यह कैसा सम्बन्ध है माँ  

मेरी मुस्कुराहट का आपके चुम्बन से 


मैं तो रूठ गया था कि 

अब कभी बात भी नहीं करूँगा 

आपने प्यार दिखाया मुझे मनाया 

यह कैसा सम्बन्ध है माँ 

मेरे रूठने का आपके मनाने से 


मैं तो भूखा ही सो गया था 

आपने उठाया और मुझे मनाया 

खाना भी खिलाया और फिर सुलाया 

यह कैसा सम्बन्ध है माँ 

नींद से उठाकर खाना खिलाने से 


मैं तो थका-थका आया था 

चेहरा बहुत मुरझाया था 

आपका चेहरा क्यों मुस्कुराया था 

तरोताज़ा कर दिया आपकी मुस्कान ने 

यह कैसा सम्बन्ध है माँ 

मेरी थकान का आपकी मुस्कान से 


मैं तो भागा था आपके डर से 

और आगे बढ़कर आपने लपक लिया   

गले से ही लगा लिया 

यह कैसा सम्बन्ध है माँ 

मेरे डर का आपके गले लगाने से  


यह कैसा सम्बन्ध है माँ….. 


अमृत पाल सिंह 'गोगिया'

Saturday, 30 April 2016

A-057 क्यों कैद कर रखा है 18.4.16—8.54 AM

क्यों कैद कर रखा है 18.4.16—8.54 AM

क्यों कैद कर रखा है देवी और देवताओं को
गुरुओं की अदाओं को महकती फ़िज़ायों को

पैगम्बरों के पैगाम को शिव भोले के जाम को
पवन पुत्र हनुमान को मेरे हनुमंत के राम को

ये पत्थर की दीवारें संगमरमर की मीनारें
ये छोटे छोटे खंडहर ये बड़ी बड़ी सभागारें

कहीं दीवारों पर टंगे कहीं पत्थरों में समाये
कहीं जल थल हुए रहे कही दूध संग नहाये

कौन सा फूल चढ़ाते हो कहाँ से लाते हो
अच्छा भला चढ़ा होता है उतार लाते हो

खिलते मुस्कराते को तोड़ मुर्दा बनाते हो
उसी का फूल तोड़कर उसी को चढ़ाते हो

जिसको तुम कहते हो भोग लगाया है
पता है कितने हाँथों से हो के आया है

उसी का दिया उसी को चढ़ाते हो
बाहर आकर फूले नहीं समाते हो

यह कैसा व्यंग है यह कैसा प्रसंग है
हिस्सा दे के कहते हो बहुत उमंग है

बिन मांग के गर प्रार्थना कर सकते हो
बिना प्रार्थना के शुक्राना कर सकते हो
शुक्राने के बिना रिझाना कर सकते हो
रिझाना भी क्या बुलाना कर सकते हो

वो तो भी आता है………………….पर

जब कोई कुछ नया कर के दिखाता है
वो भी अपनी दौलत खुल के लुटाता है
उसका अंतर्मन भी यूँ ही मुस्कराता है
उसके होने का एहसास पनप जाता है

तभी तेरा रोम रोम स्फुरित हो जाता है
ऐसे तो "पाली" सिर्फ वही आता है
…………………सिर्फ वही आता है

Poet: Amrit Pal Singh Gogia “Pali”




Thursday, 28 April 2016

A-068 मेरी पड़ोसन 28.4.16—10.10 PM

 A-68 मेरी पड़ोसन 28.4.16—10.10 PM 

आज मेरी पड़ोसन बदनाम हो गई 
बचाने की कोशिश नाकाम हो गई

बहुत कोशिश करी जान छुड़ाने की 
ज़िद कर बैठी आज साथ जाने की

जहाँ भी जाता हूँ पीछे पीछे आती है 
न वो डरती है और न ही घबराती है 

बड़ी बेशर्म है शर्म भी नहीं आती है 
बस जब देखो चिपक सी जाती है 

दूर जाता हूँ तो करीब आ जाती है 
लाख समझाये समझ नहीं पाती है 

बड़ी निर्लज है चिपक ही जाती है
डरती किसी से नहीं न घबराती है 

अब बिल्कुल पीछे ही पड़ गई है
बहुत समझाया पर अकड़ गई है 
बना लिया मन दूर भाग जाने का 
दूर जाकर और मज़ा चखाने का 

वो फिर भी मेरे साथ हो लेती है
छिपती छिपाती मुँह मोड़ लेती है 
जवाब भी जनाब मुहँ तोड़ देती है 
घर लौट जाऊँ साथ छोड़ देती है 

मैं इसको भगाकर ही दिखाऊंगा 
दिमाग इसका ठिकाने लगाउँगा 
बर्दाश्त की आखिर हद होती है 
बेवकूफों की अक्ल मंद होती है 

परेशान होकर मैं घर को हो लिया 
तकिया सिरहाने रख मैं सो लिया 
बत्ती बुझायी तो वो ग़ायब हो गयी 
मैंने कहा कहीं साथ ही न सो गयी 

देखा कोई नहीं मेरी ही परछाई थी
तब यह बात मुझे समझ आयी थी 
और कोई नहीं मेरी ही परछाई थी 
बहुत प्यारी लगी बहुत ही भाई थी 


     Poet: Amrit Pal Singh Gogia “Pali”