Wednesday, 12 August 2020

A-522 तू न होती 13.8.2020-3.06 AM

माँ अगर तू न होती तो कौन होता                                                                                                                  कोई प्रतिबिंब होता या तत्व होता                                                                                                                  तेरी करुणा का क्या प्रमाण होता                                                                                                                कोई आभास होता कि सत्य होता 

माँ अगर तू न होती तो कौन होता 


जिन्दगी के आधार का जश्न होता 

पेड़ का जिस्म तना या स्तम्भ होता 

किसके स्तनों से तब खेला करता 

कोई खज़ाना होता स्नेह धन होता 


माँ अगर तू न होती तो कौन होता 


कैसे उमड़ती स्नेह से स्निग्धता भी 

आँचल संग सिमटा हुआ मन होता 

मूत्र सना कोई गीला बिछौना होता 

या फिर माँ तेरा रूप सलोना होता 


माँ अगर तू न होती तो कौन होता 


तेरी ममता रिस-रिस मुझमें महके 

शायद ऐसा ही कोई भगौना होता

तेरी काया में समाया मेरा जिस्म 

क्या कुछ ऐसा ही खिलौना होता 


माँ अगर तू न होती तो कौन होता 


क्या बहना भी होती भाई भी होता 

जब बहना रोती तब भाई भी रोता 

मैं मिटकर तुम जैसा बन जाता माँ 

'पाली' भी भवसागर तर जाता माँ 


अमृत पाल सिंह 'गोगिया'

Wednesday, 8 July 2020

A-521 नग्नता 7.7.2020--7.31 PM





अपने सुखों की कल्पना करते हुए मैं बहुत दूर निकल गया। नग्न अवस्था में पड़ा किलकारियाँ मारता, दुनिया से अंजान, अपनी दुनिया का अपना ही आनन्द। न तेरी न मेरी। बस एक नयी दुनिया में प्रवेश करने का कौतूहल, उत्सुकता, बस और कुछ नहीं। 

पहले मैं ख़ुद नंगा आया था। अरे आया भी कहाँ था! धक्का लगाकर फेंक दिया गया था। 
शुक्र हो दाई का जिसने मुझे संभाल लिया था। 

मगर आज लोगों ने नंगा कर दिया सब कुछ छीन लिया, यहाँ तक कि मेरी अस्थियों के साथ कुछ सिक्के जरूर बहा दिए। बेहूदे सिक्कों ने भी साथ छोड़ दिया। तुरन्त डुबकी लगा कर पता नहीं कहाँ गायब हो गए और मैं अकेला भटकता रहा, पानी के बहाव के साथ, बीच-बीच में मेरी अस्थियां भी एक दूसरे से जुदा होती चली गयीं। मैं अवाक् रह गया, फिर से एक नयी मंजिल तलाशता हुआ आगे बढ़ गया, एक नयी दिशा की ओर। तभी मुझे लगा कि मैं कहीं ठहर गया हूँ। देखा तो एक मोटा सा स्तम्भ बाँहें फैलाये मेरा रास्ता रोके खड़ा है। शायद मेरा इन्तज़ार कर रहा था। मुझे एक सहारा मिल गया, मुझे यह सहारा भी अच्छा लगने लगा। मैं उसके गले लगकर खूब रोया, अपने दिल की सारी भड़ास निकाल डाली। बड़ा हल्का हो गया था मैं। 

तभी पानी की एक लहर ने आकर मुझपे हमला किया और मुझे बहाकर अपने साथ ले गया। उसने गुस्सा भी किया कि तू यहाँ कहाँ रुक गया। यह जगह तेरे लिए नहीं है। तुमको तो मेरे साथ चलना है। जब तक मैं न रुकूँ तू नहीं रुकेगा। मरता क्या न करता, मैं भी चल पड़ा तभी अचानक पानी का बहाव आगे निकल गया और मैं एक मछुआरे के जाल में अटक गया। 

मैं घबरा गया कि अब क्या होगा, होना क्या था, वही हुआ जिसका मुझे अंदेशा था, मछुआरे ने मछलियां निकाल लीं और मुझे उठाकर एक ओर फेंक दिया। मुझे बहुत गुस्सा आया, ऐसे कैसे कोई मुझे फेंक सकता है। मेरा इतना नाम था। लोग मुझे कितनी इज़्ज़त से बुलाते थे। इतना बड़ा व्यापार, लोग मेरे आगे पीछे घूमते थे। कुछ तो डर से कांपते थे। कितनों का तो मैं माई-बाप था। और यह मुझे ऐसे फेंक कर चला गया जैसे मेरी कोई औकात ही नहीं है। हद्द हो गयी यार! हाँ याद आया मेरे सारे दोस्त, मित्र तो साथ आये ही नहीं। इतना धन अर्जन किया, वो सब भी लगता है वहीं छूट गया या कमीनों ने वहीं रख लिया। अरे मेरी बीबी, मेरे प्यारे-प्यारे बच्चे, सगे सम्बन्धी आखिर सब कहाँ रह गए। 

हे भगवान तू कहाँ है। यह तुमने मेरे साथ क्या किया। मेरे अपने कितने दुखी हो रहे होंगे। मेरा पोता तो निर्बिघ्न मुझे ढूंढ़ता होगा। एक पल भी मुझसे दूर न रहता था। कैसे रह रहा होगा। ऐसा क्यों किया भगवान? मैंने तुम्हारा क्या बिगाड़ा था। मैं अब अकेला कैसे जियूँगा? इतने वीराने में जहाँ कोई भी अपना नज़र ही नहीं आता। अरे यह क्या? यह कीड़े मेरे बदन पर क्या कर रहे हैं। कोई हटाओ इनको। कोई सुनता भी नहीं। तभी एक वाहन आया और मुझे कुचलता हुआ चला गया। मैं मन मसोस कर उस वाहन को देखता रहा। कोई नहीं रुका आज मेरे लिए। सब पराये हो गए। अब तो बस ठोकरें मारते हैं। आज पता लगा मुझे मेरी औकात का। अच्छा किया भगवन! तुमने मुझे मेरी औकात दिखा दी। 

बहुत ज़ोर लगाया पर कुछ न हुआ, हारकर मैंने अपने हाथ खड़े कर दिये। अब जो करना है तू ही कर, मैं तो थक गया! जैसे ही मैंने समर्पण किया मेरे आनंद की कोई सीमा न रही, मुझे असीम सुख का एहसास हुआ। तत्क्षण मैं गहरी निद्रा में चला गया। अब मुझे कहीं नहीं जाना था। मानो ज़िंदगी लौट आयी हो!

अमृत पाल सिंह 'गोगिया' 
99887 98711

Saturday, 6 June 2020

A-517 अहंकार 7.6.2020-10.37 AM

बन्दे अब कैसे करेगा तू अपनी अहंकार की बात 
एक विषाणु ने दिखा दी तुमको तुम्हारी औकात 
तुम उसकी गिरफ़्त में रहे हो यह तो मालूम भी है 
फिर भी बातें ऐसे करते हो जैसे मामूली सी बात 

तुम्हारी हर रात भयावह बना रखी है इसी डर ने 
न सोते बने न जागते बस है यह करवट की रात 
फिर भी बघाड़ते हो ऐसे जैसे कुछ हुआ ही नहीं 
बताते हो तो चलो यह भी है एक अच्छी सी बात 

डर से डर का मुकाबला हो ही नहीं सकता कभी 
तुम इसको स्वीकारो पहले बिना किसी जज़्बात 
रास्ते खुलेंगे जब इसके साथ कदम भी उठाओगे 
तुम साहसी जिम्मेवार बनो, सुधर जायेंगे हालात  

अमृत पाल सिंह 'गोगिया'

Friday, 5 June 2020

A-516 शमशान 5.6.2020-8.42 PM

भला यह कैसा समय आ गया है 
शमशान में भी मातम छा गया है 
गलियां भी हो गयीं नीरस-नीरस 
जैसे कोई उनके बीच आ गया है 

कोरोना अकेला ही लगा हुआ है 
बिमारी का अब मंदा आ गया है 
गाड़ियां भी रुकी हुई हैं हरतरफ़  
लगता सब कुछ डगमगा गया है 

अब तो वो भागकर भी नहीं आते 
लगता विराना इनको डरा गया है 
सहमा-सहमा सा माहौल है आज  
और आज हर कोई घबरा गया है 

मुख पर मास्क हाथ में सैनिटाइज़
दोनों का सुनहरा वक़्त आ गया है 
कुछ लोगों ने अपना धंधा है छोड़ा 
राहजनी को यही धंधा भा गया है 

गम नहीं मौसम को भी बदलना है 
अब बदलने का मौसम आ गया है 
'पाली' तुमने घबराना नहीं है अब 
सन्नाटा बहुत कुछ समझा गया है

अमृत पाल सिंह 'गोगिया'

Wednesday, 3 June 2020

A-515 रिश्तों की आड़ 4.6.2020-7.16 AM

रिश्तों की आड़ में हम जब रिश्ते भुनाते हैं 
हम भी रिश्तेदार हैं यही क्यों भूल जाते हैं 
रिश्तों का धागा दोनों तरफ जुड़ा होता है 
तब हम ख़ुद का सिरा कहाँ छोड़ आते हैं 

जब अपनी उम्मीद दूसरों को जतलाते हैं 
क्या उस वक़्त हम अपना फ़र्ज़ निभाते हैं 
जब दहलीज़ फांद कर उस ओर जाते हैं 
रिश्तों की मर्यादा को क्या समझ पाते हैं 

पाट की चक्की में तो दोनों को पिसना हैं 
फिर क्यों हम इल्ज़ाम दूसरों पर लगाते हैं 
धुरा भी तो एक ही होता है दोनों के लिए 
घूमना होगा मुसल्सल फिर भी कतराते हैं 

तड़प रिश्ते की सिर्फ़ अपनों में ही होती है 
शायद इसीलिये हम अपनों को तड़पाते हैं 
स्वयं का दर्द तो तब महसूस होता है अंतः  
जब अपने पता नहीं कहाँ निकल जाते हैं 

वही बचते हैं जो धुरे से चिपके रहे ताउम्र 
बाक़ी तो पिसकर खुद ही निकल जाते हैं 
वक़्त को यूँ बर्बाद न कर 'पाली' अब तूँ 
नाज़ुकता को समझ ये फिर नहीं आते हैं 

अमृत पाल सिंह 'गोगिया'

Wednesday, 6 May 2020

A-512 धर्म 7.5.2020--7.38 AM

कुछ पुरानी बातों से ही सिद्ध करने में लगे हैं 
धर्म के नये आयाम जो दिखा करते थे पुराने 
लगे हैं अपने धर्म को एक नया जामा पहनाने
कुछ खड़े रहते हैं केवल अपने धर्म के मुहाने 

काम का धर्म एक ही दिखा वही जो हमारा है 
बाकी सब को बेकार कह लगे हुए हैं निपटाने  
इन्सान्यित नाम का कोई धर्म बचा ही नहीं है 
इंसान को दकियानूस कह कर हो गए सियाने 

गुरुओं को सुनो तो इन्सानियत एक धर्म था 
नया मतलब बता उसका लगे हुए हैं बहकाने 
प्रचारकों में भी अब वाद-विवाद होने लगा है 
अपनी-अपनी सोच का सच ही लगे हैं दर्शाने 

कितना गुमान हो गया है धर्म के ठेकेदारों को 
कभी-कभी तो खुद को ही खुदा लगे हैं बताने 
सारे रास्ते छोड़ दो और जुड़ जायो तुम मुझसे 
ले जायेंगे वो स्वर्ग तुमको लगे हुए हैं समझाने 

कोई कह रहा मंत्र पढ़ लो कष्ट चला जायेगा
कोई कह रहा यह सब किस्से हो गए हैं पुराने 
पाली कहे प्यार का मंत्र तो पढ़कर देखो भाई 
न तो अपना दुखे न पड़ेंगे किसी के भी दुखाने 

दिन आ जायेंगे जैसे तुम चाहो जितने स्वर्णिम 
मित्रों में वही सुखदाई होते हैं जो होते हैं पुराने 

अमृत पाल सिंह 'गोगिया' 


Friday, 1 May 2020

A-511 एक तो मज़दूर 1.5.2020-3.52 PM

मजदूर दिवस को समर्पित 

एक तो मज़दूर ऊपर से करोना
न दिन का चैन न रात का सोना 
करवटें बदल-बदल देख रहा है 
काटों का बख्तर है या बिछौना 

घर पहुँच जाते तो चैन आ जाता 
सूना घूंघट न होता ऐसा घिनौना 
न बहे बूढ़ी आँखों में कोई आँसू 
माँ का दिल कभी परेशान हो न 

सफर लंबा थकान भी जारी रहे  
बस रास्ते में कोई बिमारी हो न 
चेहरे पर नकाब लगे सूअर जैसे 
आंतें भूखी पर मन परेशान हो न 

पांव के छाले बड़े निर्दयी निकले 
आना है आओ मगर तुम बहो न 
किसी से कोई शिकवा भी नहीं  
जान बच जाये जो कृपा करो न 

अच्छा होता सरकार सोच लेती 
हम तो कहते रहे कि तुम डरो न 
बंद करना है बेशक बंद कर दो 
मेरी बोटी पर राजनीति करो न 

गरीबों के दर्द से तुम अनजान हो  
राशन बाँट कर फोटो तुम करो न 
दस किलो राशन मात्र पहचान है   
सेवक हो यह दावा पाली करो न 

अमृत पाल सिंह 'गोगिया'