मेरी कलम भी बहुत बेचैन है आज
मेरे हर्फ़ों को ज़रा संभलने तो दो न
बिखर गये हैं गृहस्थी के बोझ तले
मुझे भी गृहस्थी से उबरने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
कौन कहता है कि मैं शायर नहीं हूँ
मेरे हरफ़ों को ज़रा सँवरने तो दो न
दूध और पानी का लेखा भी करूँगा
हर्फों से दो हाँथ ज़रा करने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
मैं बड़े-बड़े शायरों के बीच बैठा हूँ
बज़्म को भी ज़रा संभलने तो दो न
मेरी औक़ात का पता लग जाएगा
शब्दों को मुझे ज़रा मढ़ने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
तेरी रहगुज़र में हमने रात गुज़ार दी
थोड़ा सा क़रीब मुझे रहने तो दो न
तेरे हर सबब से वाकिफ़ हो जायूँगा
हया भी आये तो उसे सहने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
चाँद-तारों को गर परखना चाहते हो
रात को भी आमद हो जाने तो दो न
देखना भी इनके एक-एक इशारे को
फिर इशारों को ज़रा थमने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
इश्क़ आमादा है फ़िदा हो जाने को
हुस्न को भी थोड़ा सँवरने तो दो न
हुस्न भी उभर कर जब सामने आये
ओढ़नी को थोड़ा खिसकने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
नाज़ नख़रे तेरे सभी सह लेंगे हम
असमत को ज़रा निखरने तो दो न
तेरी ख़ुशबू के चर्चे सरे आम होंगे
कली को फूल ज़रा बनने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
कौन कहता है रात अंधेरी होती है
सूरज को ज़रा तुम ढलने तो दो न
रात रोशन होगी सिल्मे सितारों से
महफ़िल को ज़रा जमने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
हर महफ़िल में शमआ रोशन होगी
हुस्नों को जलवे बिखेरने तो दो न
परवानों की नींद हराम हो जाएगी
शमआ को भी ज़रा मचने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
हर शक्स शराबी नज़र आएगा यहाँ
जाम से जाम को खड़कने तो दो न
एक-एक बूँद को पागल भी तरसेगा
जाम की बोतल ख़त्म होने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
सुबह हर कोई अपने होश में होगा
बस नशे को ज़रा उतरने तो दो न
क्या हुआ था किसे होश होगी अब
उनके परों को ज़रा कुतरने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
सारंगी की आवाज़ बेसुरी हो चली
ढीली तार को ज़रा कसने तो दो न
निकलेगी जो तान समा बदल देगी
इसके सुर को भी निखरने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
कौन कितना रोयेगा तेरी मैयत पर
देखना है तो ख़ुद को मरने तो दो न
मर कर देखो ज़िंदगी की हकीकत
लोगों को स्वयं से मिलने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
अश्क़ों को बहाकर भी क्या मिलेगा
लोगों को ज़रा भावुक होने तो दो न
ज़िंदगी का सत्र भी पूरा हो जायेगा
श्वासों की माला बिखरने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
गोगिया बता कितना मज़ा आता है
नशे को दोबारा तुम चढ़ने तो दो न
हिन्दी अंग्रेज़ी में तब्दील हो जाती है
ज़ाम को चकमा ज़रा देने तो दो न
मेरे दिल को ज़रा मचलने तो दो न
Poet: Amrit Pal Singh ‘Gogia’