Saturday, 9 April 2016

A-019 हाथ क्यूँ छुड़ाते हो? 10.4.16—5.00 AM



हाथ क्यूँ छुड़ाते हो 
दूर भी नहीं जाते हो 
क्यूँ अश्क बहाते हो 
गले भी लग जाते हो 

क्यूँ मुखड़ा छुपाते हो 
करीब भी तो आते हो 
इतने वार क्यूँ करते हो 
प्यार भी तो जताते हो 

मुझसे कैसा शर्माना 
नज़रें भी तो मिलाते हो 
नजरें झुका के क्या फायदा 
खुद ही समा भी जाते हो 

मुझसे क्या छुपाना 
खुद ही चले आते हो 
हर बात जहन में छिपी 
इक इक करके बताते हो 

दूर भला जाने से क्या फायदा 
सीने से खुद ही तो लग जाते हो 
नज़रें घूमाने से भी क्या फायदा 
बे रोक टोक देखे चले जाते हो 

रौशन करते हो शमा 
पास बैठाने के लिए 
फिर क्यूँ बुझा देते हो 
और पास बुला लेते हो 

सीने में मेरे क्या ढूँढ़ते हो
कुछ भी तो नहीं छिपा है 

इतनी सारी जद्दो जहद क्यूँ करते हो 
बस..! केवल मेरा प्यार पाने के लिए..? 
बस..! केवल मेरा प्यार पाने के लिए..? 


Friday, 8 April 2016

A-091 नन्ही सी रौशनी 9.7.15--3.45AM

A-091 नन्ही सी रोशनी 9.7.15--3.45AM 

झरोखे से आती वो नन्ही सी रोशनी
एक कहानी सुना रही है

बहुत सी कहानियाँ उसने भी सुन रखी हैं 
धीमे धीमे स्वर में सब कुछ समझा रही है 

कोई तो जग गया है और कुछ तो हुआ है
किसी ने छू दिया है यह उसी का धुआँ है 

हर घर से निकल रहा हर घर में जा रहा है  
कोई किस्से और कोई कहानी सुना रहा है

कोई प्रलोभन देकर लोरी सुनाने में लगा है 
कोई ऊँचे स्वर में कोई गीत गाने में लगा है 

कोई हिलने को आतुर होता ही जा रहा है 
किसी को रोना है और कोई मुस्कुरा रहा है

कोई धीमी पद्दचाप से है बहुत करीब आया 
कोई किसी कान में लगता फिर फुसफुसाया  

बात जो भी हो पर बहुत मजा आ रहा है

चिलमन के पीछे अभी कोई बेनकाब हुआ है
नई नवेली दुल्हन से अभी आफ़ताब हुआ है 

बालों का टिक्का देख बिस्तर पे जा गिरा है
झुमका भी देखो कैसे बालों में जाके अड़ा है

दूल्हे को भी मौका देखो बराबर का मिला है
उसको छुड़ाने के बहाने हुआ उसपे वो फ़िदा है

आइने में देखो दो आशिक कैसे मिल रहे हैं
एक दूसरे को बाँहों में देखो कैसे सिल रहे हैं

यह कैसा प्रलोभन है यह कैसा यौवन है
शायद अपने शौहर के क़रीब जा रही है 

मंद मंद रोशनी और हरकत सी हो रही है
जैसे अपने साजन की बाँहों में सो रही है 

उठ कर देखो जी जरा कुछ तो गिरा है 
कोई तो उठा है जो यह खटका हुआ है

यह कौन आ गया जो हमें सता रहा है
लगता बाहर कोई है जो बतिया रहा है 

बिल्ली की म्याऊं ने सब कुछ बता दिया
निश्चिँत हो उसने भी सब कुछ हटा दिया

न कोई फासला न अब कोई दूरी कहीं  
घूँघट हटाने की अब कोई मजबूरी नहीं 

अब लगता है दोनों फिर से जुट गए हैं
उनके सिलमे सितारे फिर से लुट गए हैं 

यौवन लगता फिर से मुस्कुराने लगा है 
फिर कोई यौवन रस गुनगुनाने लगा है 

झरोखे से आती वो नन्ही सी रोशनी
एक कहानी सुना रही है

यह कैसी आवाज़ है कसमकस रोने की
कोई बच्चा ज़िद्द कर रहा नहीं सोने की

माँ ज़िद्द पे अड़ी है उसको भी सुला लूँ
थोड़ी सी अपनी थकान फिर से भुला लूँ 

लगता है माँ के आँचल में जा छिपा है
यह भी बना छिपा छिपाई का सिला है 

कभी आवाज़ दब जाती थोड़ी दुबक कर
कभी चीख उभरती है कि अब बस कर 

माँ की खीज भी अब सुनायी देने लगी है

सो जा... वरना एक दूँगी रखकर कान पर 
सुबह से ही परेशान हूँ और न परेशान कर 

तेरे बाप ने मुझे क्या नौकरानी बना रखा है
या घर की मूर्ती हूँ जो मुझको सजा रखा है 

बाप को बोल दे कर ले अपना इंतज़ाम कोई
मायके चली जाऊँगी फिर तू भी बैठ कर रोई 

झरोखे से आती वो नन्ही सी रोशनी
एक कहानी सुना रही है

दूर झरोखे से एक मधुर सी आवाज़ आई है
लगता है कोई देवी खुश होकर मुस्कुराई है

श्रद्धा सुमन के फूल अब स्फुरित होने लगे हैं 
देवी देवता भी दर्शनों को त्वरित होने लगे हैं 

साज संगीत और तन्मय का सुगम मेला है
हर साज़ ऐसे बजने लगा जैसे वो अकेला है

सितार की तार अब अपना आपा खो रही है 
सारंगी की तो पूछो मत ख़ुद को ढो रही है 

तबला थप थाप उछल उछाल बजने लगा है
हारमोनियम भी कमर कस सजने में लगा है 

जल तरंग तरंगों को बिछाने में लगा हुआ है 
गिटार की गुटरगूं दौड़ निभाने में लगा हुआ है 

समां बँधने लगा और कोई गुनगुनाने लगा है
प्यार भरा इक नग़्मा भी कोई सुनाने लगा है 

तुम भी मौज कर लो यह मौजों का मेला है
प्रभु के मिलन की सुन्दर अदभुत ये बेला है



Wednesday, 6 April 2016

A-075 तुम खुद ही 7.4.16—5.15 AM

A-075 खुदा की तस्वीर 7.4.16—5.15 AM 

तुम ख़ुद ही बने खुदा की तस्वीर हो 
तुम ख़ुद ही बने अपनी तकदीर हो 
किधर देखते हो वहां कोई भी नहीं 
इधर देखो तुम ही अपनी तदबीर हो 

दिखता नहीं खुदा ख़ुद को देख लो 
अपनी नज़रों से ख़ुद का सम्वेद लो 
परखो ज़िंदगी की हर एक तरंग को 
जानो ज़रा शरीर के हर एक अंग को 

परखो ज़रा सा अपनी जुबान को 
परखो ज़रा सा अपनी पहचान को 
एक पल पहले जिसके अम्बार थे 
दूजे पल बिखर गये सब ख़्वार थे 


कौन था जिसने निर्मित किया था 
तुमने ही इसको सृजित किया था 
खुशियां के डोले भी तेरे ही बोल थे 
दुःख संकट की घड़ी तेरे ही बोल थे 

जिसने बोला खुदा हूँ खुदा हो गया 
जिसने बोला जुदा हूँ जुदा हो गया 
तुमने कहा फ़िदा तुम फ़िदा हो गए 
तुमने कहा सदा तुम सदा हो गए 

हर तस्वीर तुमने ख़ुद ही बनाई है 
हर तस्वीर तुमने ख़ुद ही सजाई है 
किस्मत भी वही बनकर आयी है 
शहनाई वही जो तुमने बजाई है 

जो तुमने कहा था वही तो तुम हो 
किसी का दोष नहीं  क्यों गुम हो 
गरिमा भी तेरा उपवन भी तेरा है 
करिश्मा भी तेरा खेल भी तेरा है 

तेरे ही शब्द हैं तेरा ही मान है 
तेरी ही कद्र है तेरा सम्मान है 
अपने शब्दों की लाज बचा ले 
वही ज़िंदगी है वही अभिमान है


Poet: Amrit Pal Singh Gogia “Pali”

Tuesday, 5 April 2016

A-132 दस्तक 5.4.16—10.00 PM

A-132 दस्तक 5.4.16—10.00 PM 

रुक रुक के दस्तक किये वो देता है  
शान्ति हर पल की भंग किये देता है  

उसकी बेरुखी है या उसका स्वभाव है  
प्यारी दस्तक है ज़िन्दगी का पड़ाव है 

ज़िन्दगी के पड़ाव में उसके दबाव में 
मतलब बदल गये उसी के सुझाव में 

क्या हुआ जो पहाड़ टूट कर आ गिरा 
वह भी तो छोड़ के आया अपना सिरा  

इसी अहो भाव में जो भी रह जायेगा 
विश्वास, बल भी केवल वही पायेगा 

पेड़ भी तन्हा हुए पतझड़ के आड़ में 
मंझर के फूल खिले श्रावण बहार में 

परिवर्तन है तो जिन्दगी का स्वभाव है 
इसको भूल जाना ही हमारा अभाव है 

सहज स्वीकृति ही तो ख़ुशी आनन्द है 
जहाँ सहजता है वहीं तो परमानन्द है


Poet: Amrit Pal Singh Gogia “Pali”

Monday, 4 April 2016

A-104 एक सुबह.......... ! 17.7.15—5.58 AM



A-104 एक सुबह.......... ! 17.7.15—5.58 AM

एक सुबह.......... ! 
चाँद तारों के संग बिताने को जी चाहता है 

कैसा वो सूरज होगा कैसी शुरुआत होगी 
कैसी वो बात होगी, कैसी मुलाकात होगी 

कैसी वो सुबह होगी, कैसा वो मंजर होगा 
कैसी वो तस्वीर होगी कैसा समंदर होगा 

कैसा चाँद होगा तारों भरा आसमान होगा 
कैसा वो नील गगन वो सुन्दर जहान होगा 

चाहत के सपने, सपनों की बरसात होगी 
एक नयी ज़िंदगी से नयी मुलाक़ात होगी 

रात अँधेरी भी क्या सपनों के साथ होगी
या वो फिर अमावस की कोई बात होगी 

रात्रिचरों की वो भयानक सी आवाज़ें होंगी  
झिंगुर की खनकती हुई तीखी साज़ होगी 

कुत्ते की भौं भौं बिल्ली की म्याऊँ-म्याऊँ 
पहरेदारों के बीच जरूर कोई तकरार होगी 

सन्नाटे का शोरगुल महकती फिजाएँ होंगी 
रोशनी का डर होगा रोशनी की बात होगी 

चोर कहाँ जायेंगे दिन को कैसे समझायेंगे 
उनके बीच चल रही कुछ खुराफ़ात होगी 

अँधेरे में जो रौशनी लेकर घूमते थे कभी 
रौशनी को लेकर मुँह छिपाने की बात होगी 

चाँद तारों के संग बिताने को जी चाहता है 
कैसा वो सूरज होगा कैसी शुरुआत होगी 

Poet; Amrit Pal Singh Gogia “Pali”


Friday, 1 April 2016

A-024 एक रात मैं 2.4.16—6.17 AM

A-024 एक रात मैं 2.4.16—6.17 AM 


एक रात मैं यूँ ही तन्हा हो गया
तेरे ख्यालों में ही कहीं खो गया 
तेरे आगोश में था और सो गया 
फिर नए ख्यालों में ही खो गया 

तेरा वो बात बात पे मुस्कराना
अपनी अदाओं को यूँ जताना 

आँखों से इशारे करना
प्यार भी जताना 
पर किसी को न बताना 

दाँतों तले मेरी ऊँगली काटी थी
कितनी खुश थी और भागी थी 
तुझे जब तेरी चोटी से पकड़ा था
छुड़ा के भागी थी जब जकड़ा था 

बहुत इशारे किये पर तूँ आई न
आँखों के खेल में तूँ शरमाई न 
बिनतीयों और वो न न का खेल
पर शांति हुई जब हुआ था मेल 

तेरा रूठ जाना तो एक बहाना था
तुमने सुनाया जो तुमने सुनाना था 
आँसू दिखाए जो तुमने दिखाने थे 
गुस्से के तेवर जो तुमने जताने थे 

हाथ पकड़ तुमको करीब लाया था
करीब लाकर ज्यों ही मुस्कराया था 
तेज हुई थी धड़कन तब तेरे दिल की
कितनी कसम कस कितनी बेदिल थी 

जब मैं तेरे होठों के करीब आ रहा था
फिजायें मग्न थी मन मुस्करा रहा था 
कोमल उँगलियाँ होठों से आ लगी थी
मैं खुश था और हुस्न मुस्करा रहा था 

एक रात मैं यूँ ही तन्हा हो गया 
तेरे ख्यालों में ही कहीं खो गया…..
तेरे ख्यालों में ही कहीं खो गया…..

Poet; Amrit Pal Singh Gogia “Pali”