Thursday, 27 December 2018

A-429 ना बाजो 28.12.18--2.45 AM


अब के ना बाजो पायलिया 
मोरे कान्हा घर नहीं आओ रे 
जाके कारन निंदिया बिसारी 
आकर मोहे नहीं जगाओ रे 

अब के ना बाजो पायलिया 
मोरे कान्हा घर नहीं आओ रे  
जिसकी पदचाप से धड़के जीया 
आज कुछ नहीं धड़काओ रे 

अब के ना बाजो पायलिया 
मोरे कान्हा घर नहीं आओ रे  
जिसकी सुगन्ध करे मोहे आतुर 
आज आतुरता नहीं आओ रे 

अब के ना बाजो पायलिया 
मोरे कान्हा घर नहीं आओ रे  
जिसके आये जगत होए चंदा 
चंदा को कौन छिपाओ रे 

अब के ना बाजो पायलिया 
मोरे कान्हा घर नहीं आओ रे  
जिसके आवे संगीत त्वरित हो 
कोई धुन नहीं सुन पाओ रे 

अब के ना बाजो पायलिया 
मोरे कान्हा घर नहीं आओ रे  
जिसके बिना वीणा सूनी 
कोई सुर नहीं लगाओ रे 

अब के ना बाजो पायलिया 
मोरे कान्हा घर नहीं आओ रे  
श्याम वर्ण है जिसकी अंगिआ 
आज वर्ण नहीं भाओ रे 

अब के ना बाजो पायलिया 
मोरे कान्हा घर नहीं आओ रे  
अँखियन ठहरी और बरस गयी 
आकर चुप नहीं कराओ रे 

वो देखो आये मोरे कान्हा 
खूब पायलिया बाजो रे 
अखियाँ तरसी तरस गयी 
अब तो कान्हा साजो रे 
वो देखो आये मोरे कान्हा 
खूब पायलिया बाजो रे 

Poet: Amrit Pal Singh Gogia



Sunday, 23 December 2018

A-427 अधर 23.12.18--11.59 PM


तेरे अधरों पर अधर रखने की मैं बात कहूँ 
अपने होने की प्रक्रिया है या जज़्बात कहूँ 
अधरों से शुरु होता है ग़र हमारा ये रिश्ता 
इसको बंधन कहूँ या कि इसको प्यार कहूँ 

तुमसे रूबरू होते ही तुम्हारा हो जाऊँ अगर 
इसको मोहब्बत कहूँ पहली मुलाक़ात कहूँ 
नतीज़ा जो भी हो वह देखा जायेगा अंततः 
किस अंज़ाम तक जाने को ज़िद्दी बात कहूँ 

दिल की हर बात आज मैं कह देने वाला हूँ  
दूरी अब न सहूँगा तेरे संग ही रहने वाला हूँ 
तुम मेले में खो जाओ तो भी वो मेरा मुकद्दर 
ढूँढ लाऊँगा मैं बस इतना ही कहने वाला हूँ

क्यों कर मौक़ा दूँ मैं अब किसी मजबूरी को
क्यों मैं बल दूँ अब किसी ज़िस्मानी दूरी को 
अधर ही हैं दिल की हर बात को समझते हैं 
क्यों न इसकी मानूँ क्या पता यही जरुरी हो 


Poet: Amrit Pal Singh Gogia

Tuesday, 18 December 2018

A-426 माँ नहीं है 18.12.18--6.00 AM



माँ नहीं है पर माँ फिर भी आती है 
हर दुविधा में मेरा साथ निभाती है 
मेरे कष्टों में रह स्वयं कष्ट होकर 
अपना फ़र्ज़ भी निभा कर जाती है

माँ नहीं है पर माँ फिर भी आती है 

सपनों में लड़ती है डांट पिलाती है 
डांट पिलाकर खुद वो मुस्कुराती है 
मुझे वह अब भी बच्चा समझती है 
जब कि खुद तो दादी कहलाती है 

माँ नहीं है पर माँ फिर भी आती है

आँचल में छुपा कोई गीत गाती है 
न जाने शायद वह लोरी सुनाती है 
शायद वो कोई चुप का गीत होगा 
या चुप रहने का आदेश सुनाती है 

माँ नहीं है पर माँ फिर भी आती है 

अगर दिख जाये कभी उदास चेहरा
मुझे वह अपनी छाती से लगाती है 
प्यार से पुचकारकर मीठी लोरी से 
मुझे अगवा कर मुझको सुलाती है 

माँ नहीं है पर माँ फिर भी आती है 

मेरे हर कष्ट पर आँसू वो बहाती है 
हर कष्ट को हर के लाड लडाती है 
जब कभी भी मैं दुविधा में होता हूँ 
मेरी गुत्थियों का हल बन जाती है 

माँ नहीं है पर माँ फिर भी आती है 

Poet: Amrit Pal Singh Gogia


Monday, 10 December 2018

A-403 ज़िंदगी 27.10.18--3.57 AM


ज़िंदगी के मसले भी अजीब होते हैं 
बिना रिश्तों के रिश्ते क़रीब होते हैं 
रिश्तेदारी में दूरी क्यों बढ़ जाती हैं 
जब कि वही सबसे अज़ीज होते हैं 

जो अजीज़ होते हैं वो नसीब होते हैं 
अपने हों पराये हों पर करीब होते हैं 
वक़्त रहते समझ में आ जाये अगर 
जज़्बातों से मुक्त बे-तरतीब सोते हैं 

लोग दिखावे झूठे आनंद में होते हैं
दिखाते हैं कि वो गहन नींद सोते हैं 
दिख जाता है उनके तौर तरीकों से 
सच है कि वाक़ई तजुर्बेहीन होते हैं

सच के साये जब भी नसीब होते हैं 
वही क्षण सबसे खुशनसीब होते हैं 
आओ क्षण भर ही रहकर देखो तो 
दूर रहकर हम कितने अमीर होते हैं 

झूठ ग़र  सच के दायरे में होता हो 
हम देखेंगे झूठ वो कब तक ढोते हैं 
झूठ की मालिश भी जो दिख जाये 
एक-एक करके खिसक रहे होते हैं 

सच पूछो झूठ की औकात क्या है 
बिस्तर-बिछौने भी बिक रहे होते हैं 
कब तक सही झूठा नक़ाब पहनेगा 
ज़नाब नुक्कड़ों में दुबक रहे होते हैं 


Poet: Amrit Pal Singh ‘Gogia’

Saturday, 8 December 2018

A-423 प्यार 7.12.18--7.47 AM


प्यार ज़रूरत का इक सामान हो गया 
थोड़ा सा दर्द उठा तो बेईमान हो गया 
चलते चलते जहाँ ज़रूरत पूरी हो गई 
कम्बख़्त ज़रूरत ही इन्तक़ाम हो गया 

चलो एक नए चलन को आजमाते हैं 
किसी अपने को हम अपना बनाते हैं 
दो मीठे बोल बोलकर देखो तो सही 
देखो अपने फिर तुम्हें कैसे सुहाते हैं 

न रखो कसक न रखो शिकवा कोई 
यह तो केवल दर्द लिवा कर आते हैं 
तुम खुद भी जियो औरों को जीने दो 
तब देखो हसीं पल कैसे मुस्कुराते हैं 

जो जिसने किया वो उसकी तमन्ना है 
हम भला क्यों इसमें दक्षता दिखाते हैं 
हरेक को हक़ है अपनी मर्ज़ी से जीये 
दूसरों की मर्ज़ी में ही उत्सव मनाते हैं 


उनकी ख़ुशी में अपनी ख़ुशी को देखो 
वो छणिक पल भी देखो कैसे भाते हैं 
उन्हीं पलों में छिपे हुए हैं हज़ारों हीरे 
जो तुझपर न्योछावर होते ही जाते हैं 

Amrit Pal Singh ‘Gogia’








Friday, 7 December 2018

A-422 लम्बा सफर 4.12.12--7.44 PM

ज़िन्दगी के इस लम्बे सफ़र से तुम उकताये तो नहीं 
तुम जहाँ जहाँ गये कोई निशानी छोड़ आये कि नहीं 

अज़ीब है बिछुड़ने और मिलने की शृंखला दुनिया में 
इसी शृंखला में किसी को अपना बना पाये कि नहीं 

हार एवं जीत की अपनी जगह कोई निश्चित नहीं है 
इसी बीच तुम अपना कोई मुक़ाम बना पाये कि नहीं

चलते हुए तुम भी पहुँच जाओगे ज़िन्दगी के उस छोर
जहाँ अपना कोई नहीं फिर भी घरौंदा बनाये कि नहीं

जब कभी जनगणना होगी नाम तुम्हारा भी तो आयेगा 
इतनी बड़ी भीड़ का हिस्सा बनकर भी घबराये तो नहीं

जरुरत तो सिर्फ इतनी है हम किसी के काम आ सकें 
जरुरत है कि किसी की बगिआ महका पाये कि नहीं 


Poet: Amrit Pal Singh ‘Gogia’ 

Monday, 3 December 2018

A-421 कौन हो 4.12.18—2.31 A

कौन हो तुम स्वयं को जानो तो सही 
स्वयं करीब आकर पहचानो तो सही 

ख़ुद ज्वालामुखी से मिलकर तो देखो 
स्वयं की बाँहों से लिपटकर तो देखो 

ऐसा नहीं है की सिर्फ हम चाहते हैं 
हम तुच्छ मगर फिर भी समझाते हैं 

लोग तरसते हैं आग़ोश में आने को 
वक़्त लगता है इसे समझ पाने को 

मुकद्दर अगर बनाना चाहते हो सही 
वासना पर दक्षता दिखाओ तो सही 

बेशक़ सुन्दरता हो नाज़नीन हो सही 
दिल की सुनो और सुनाओ तो सही  

हाले दिल ख़ुद का ख़ुद बयां करना
किसी के रोके किसी से नहीं डरना 

ज़िन्दगी तुम्हारी तुम पर मुनस्सर है 
कभी खुद पर अत्याचार नहीं करना 

आओ आज स्वयं को गले लगाते हैं 
देखो पल-पल भी कैसे मुस्कुराते हैं 

जिन हसीन सपनों की चाह थी तेरी 
देखो कैसे वो खुद तुमको बुलाते हैं  


Poet: Amrit Pal Singh ‘Gogia’